आगरा
उत्तर प्रदेश, भारत का शहर / From Wikipedia, the free encyclopedia
आगरा भारत के उत्तर प्रदेश राज्य का एक जिला है। आगरा शहर यमुना नदी के तट पर स्थित एक महानगर है। यह राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के २०६ किलोमीटर (१२८ मील) दक्षिण में स्थित है। भारत की २०११ की जनगणना के अनुसार १५,८५,७०४ की जनसंख्या के साथ आगरा उत्तर प्रदेश का चौथा और भारत का २३वां सर्वाधिक जनसंख्या वाला नगर है।[4][5]
आगरा | |
---|---|
नगर | |
ऊपर से दक्षिणावर्त: आगरा दुर्ग के सामने शिवाजी स्मारक, जामा मस्जिद, ताज महल, मरियम मकबरा, चीनी का रोजा, अकबर का मकबरा एवं एतमादुद्दौला का मकबरा | |
उपनाम: ताज नगरी | |
निर्देशांक: 27.18°N 78.02°E / 27.18; 78.02 | |
देश | भारत |
राज्य | उत्तर प्रदेश |
मंडल | आगरा |
ज़िला | आगरा |
शासन | |
• प्रणाली | नगर निगम |
• सभा | आगरा नगर निगम |
• मेयर[1] | हेमलता दिवाकर कुशवाह(पूर्व विधायक) (भाजपा) |
ऊँचाई | 171 मी (561 फीट) |
जनसंख्या (2011)[2] | |
• नगर | 15,85,704 |
• दर्जा | 24वाँ |
• महानगर[3] | 17,60,285 |
भाषा | |
• आधिकारिक | हिन्दी |
• अतिरिक्त आधिकारिक | उर्दू |
समय मण्डल | भारतीय मानक समय (यूटीसी+5:30) |
दूरभाष कोड | 0562 |
वाहन पंजीकरण | UP-80 |
लिंगानुपात | 0.875 ♂/♀ |
साक्षरता | 73.11% |
वेबसाइट | जिले की आधिकारीक वेबसाइट |
दिल्ली सल्तनत के उदय से पहले आगरा का इतिहास स्पष्ट नहीं है। १७ वीं शताब्दी के एक वृत्तांत में सिकंदर लोदी (१४८८-१५१७) के समय से पहले आगरा को एक पुरानी बस्ती के रूप में बुलाया था, जो महमूद गजनवी द्वारा इसके विनाश के कारण महज एक गाँव था। ११ वीं सदी के फ़ारसी कवि मासूद सलमान ने आगरा के किले पर गजनवी के आक्रमण का उल्लेख किया है, जो तब राजा जयपाल के शासनाधीन था। जयपाल के आत्मसमर्पण के बावजूद, महमूद ने किले को लूट लिया था। १५०४ में सिकंदर लोदी ने अपनी राजधानी को दिल्ली से आगरा स्थानांतरित किया था। उनके काल में किले में कई महल, कुएँ और एक मस्जिद का निर्माण किया गया। १५२६ में पानीपत के प्रथम युद्ध में हार के बाद यह मुगल शासन के अंतर्गत आया। १५४० और १५५६ के बीच, शेरशाह सूरी ने इस क्षेत्र पर शासन किया। यह १५५६ से १६४८ तक मुगल साम्राज्य की राजधानी रहा। आगरा पर बाद में मराठों का अधिपत्य रहा, जिनके बाद यह ब्रिटिश राज के अंतर्गत आ गया।
आगरा अपनी कई मुगलकालीन इमारतों के कारण एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, विशेषकर ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के लिये, जो सभी यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हैं।[6] दिल्ली और जयपुर के साथ आगरा गोल्डन ट्राइंगल टूरिस्ट सर्किट में शामिल है; और लखनऊ और वाराणसी के साथ यह उत्तर प्रदेश राज्य के एक पर्यटक सर्किट, उत्तर प्रदेश हेरिटेज आर्क का हिस्सा है। सांस्कृतिक रूप से आगरा ब्रज क्षेत्र में स्थित है। आगरा २७.१८° उत्तर ७८.०२° पूर्व में यमुना नदी के तट पर स्थित है। समुद्र-तल से इसकी औसत ऊँचाई क़रीब १७१ मीटर (५६१ फ़ीट) है। यह यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली से और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के माध्यम से लखनऊ से जुड़ा हुआ है।