अक्ष सूक्त
From Wikipedia, the free encyclopedia
अक्ष सूक्त (अर्थ: जुआ अथवा जुआरी का सूक्त[1]) ऋग्वेद का एक प्रसिद्ध सूक्त है। यह सूक्त ऋग्वेद के दशम मण्डल में संकलित है और इस मंडल का ३४वाँ सूक्त है। ऋषि कवष ऐलूष इसके द्रष्टा हैं और यह त्रिष्टुप् तथा जगती नामक वैदिक छन्दों में निबद्ध है।
अक्ष क्रीड़ा की निन्दा करना और परिश्रम का उपदेश देना- इस सूक्त का सार है। एक निराश जुआरी की दुर्दशा का मार्मिक चित्रण इसमें दिया गया है जो घर और पत्नी की दुर्दशा को समझकर भी जुए के वशीभूत होकर अपने को उसके आकर्षण से रोक नहीं पाता है और फिर सबका अपमान सहता है और अपना सर्वनाश कर लेता है। सूक्त में जुआरी अपने बारे में, जुए कि निन्दा, और कुछ स्वगत (मोनोलाग) भाषण करता है।[2]
अन्त में, सविता देवता से उसे नित्य परिश्रम करने और कृषि द्वारा जीविकोपार्जन करने की प्रेरणा प्राप्त होती है। वैदिक ऋषि समाज को एक संदेश देता है कि "अक्षों (पासों) से कभी मत खेलो बल्कि खेती करो। कृषिकार्य में ही गायें भी सम्मिलित हैं जो पालतू एवं सम्पूर्ण समृद्धि प्रदान करती हैं।" वैदिक ऋषि उन अक्षों से प्रार्थना करता है कि-"हे अक्षों ! हमसे मित्रता करो, अपनी मोहिनी शक्ति का प्रयोग हम पर मत करो।"
प्राचीन भारत में बहेडे या बिभीतकी के बीज से अक्ष (पासा) बनाकर द्युत (जुआ) खेला जाता था।