गुरुग्राम
From Wikipedia, the free encyclopedia
गुरुग्राम (पूर्व नाम : गुड़गाँव), हरियाणा का एक नगर है जो राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली से सटा हुआ है। यह दिल्ली से ३२ किमी. दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। २०११ में ८,७९,९९६ की जनसंख्या के साथ यह फरीदाबाद के बाद हरियाणा का दूसरा सर्वाधिक जनसंख्या वाला नगर है। गुरुग्राम दिल्ली के प्रमुख सैटेलाइट नगरों में से एक है, और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का हिस्सा है। चण्डीगढ़ और मुम्बई के बाद यह भारत का तीसरा सबसे ज्यादा पर-कैपिटा इनकम वाला नगर है।[1]
गुरुग्राम Gurugram गुड़गाँव | |
---|---|
गुरुग्राम नगर का दृश्य | |
निर्देशांक: 28.456°N 77.029°E / 28.456; 77.029 | |
देश | भारत |
राज्य | हरियाणा |
ज़िला | गुरुग्राम ज़िला |
जनसंख्या (2011) | |
• कुल | 8,76,969 |
भाषा | |
• प्रचलित | हरियाणवी, पंजाबी, हिन्दी |
समय मण्डल | IST (यूटीसी+5:30) |
पिनकोड | 122xxx |
दूरभाष कोड | 0124 |
वाहन पंजीकरण | HR-26 (नगर) HR-55 (वाणिज्यिक) HR-72 (सोहना) HR-76 पटौदी (गुड़गाँव) |
वेबसाइट | gurugram |
लोकमान्यता अनुसार महाभारत काल में इन्द्रप्रस्थ (वर्तमान दिल्ली )के राजा युधिष्ठिर ने यह ग्राम अपने गुरु द्रोणाचार्य को दिया था।[2] उनके नाम पर ही इसे गुरुग्राम कहा जाने लगा, जो कालांतर में बदलकर गुड़गांव हो गया। महान गुरु भक्त एकलव्य का गुड़गांव से गहरा संबंध है। इस स्थान पर ही गुरु द्रोणाचार्य ने एकलव्य से अंगूठा मांगा था। मुगल काल मे यह आगरा सूबे में, जबकि ब्रिटिश काल मे दिल्ली जिले का भाग था। १९५० के दशक तक गुरुग्राम एक छोटा सा गांव था, जहां की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित थी। आस-पास के क्षेत्रों के मुकाबले यहां की मिट्टी खराब गुणवत्ता की थी, और इस कारण यहां भूमि की दरें काफी कम थी। इसका लाभ उठाकर कई कम्पनियों ने ८० और ९० के दशक में यहां औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करना शुरू किया।[3][4]