स्पर्श पटल
From Wikipedia, the free encyclopedia
स्पर्श-पटल (अंग्रेज़ी: टचस्क्रीन) एक ऐसी विद्युतीय दृश्य प्रादर्शी है जो प्रादर्श क्षेत्र में किसी स्पर्श की उपस्थिति और अवस्थिति की पहचान करने में सक्षम होती है। आसान शब्दों में स्पर्श-पटल एक ऐसा पटल या मॉनीटर होता है, जिसमें स्पर्श के माध्यम से भी डाटा भरा जा सकता है, और ऐसा करने में किसी कुंजीपटल की आवश्यकता नहीं होती। ये पटल उस निश्चित क्षेत्र में स्पर्श और उसकी स्थिति (स्थान) का ज्ञान कर लेने में सक्षम होता है। प्रायः ये शब्द पटल पर अंगुली या हाथ के स्पर्श के लिये भी प्रयोग किया जाता है। ये पटल अन्य निष्क्रिय वस्तुओं जैसे पेन आदि को भी पहचान लेता है। कंप्यूटर पर इसकी मदद से वह सारे काम हो सकते हैं जिनको करने के लिए एक माउस की आवश्यकता पड़ती है।[1] प्रतिदिन विकसित हो रही स्पर्श-पटल प्रौद्योगिकी ने मोबाइल[2], कंप्यूटर, टैबलेट पीसी,[3] पर्सनल मल्टीमीडिया प्लेयर, गेमिंग कंसोल में इसका प्रयोग काफी बढ़ा दिया है। कुछ आईफोन और उसके बाद आए आईपैड और कई पर्सनल कंप्यूटर निर्माता कंपनियों ने स्पर्श-पटल इंटरफेस तकनीक का आरंभ कर दिया है। माइक्रोसॉफ्ट का प्रोटोटाइप सरफेस कंप्यूटर एक टैबलेट पीसी है जो अंगुली के स्पर्श का उत्तर तो देगा ही साथ ही हाथ के प्राकृतिक संचालन के आधार पर भी काम करेगा। माइक्रोसॉफ्ट इसकी वस्तु पहचान (ऑब्जेक्ट रिकॉग्निशन) तकनीक पर काम कर रहा है।