श्वेत सागर
From Wikipedia, the free encyclopedia
श्वेत सागर या सफ़ेद सागर (रूसी: Бе́лое мо́ре, बेलोए मोरे; अंग्रेज़ी: White Sea, व्हाईट सी) रूस के पश्चिमोत्तरी तट पर स्थित बारेन्त्स सागर की एक खाड़ी है। इसके पश्चिम में कारेलिया क्षेत्र, उत्तर में कोला प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर में कानिन प्रायद्वीप आते हैं जो सभी रूस के भाग हैं। इस कारणवश यह पूरा सागर रूस का निजी जलाशय माना जाता है और इसपर पूरी तरह रूस का नियंत्रण है।[3] प्रशासनिक रूप से यह रूस के मूरमान्स्क ओब्लास्त, आरख़ान्गेल्स्क ओब्लास्त और कारेलिया गणतंत्र नामक संघीय खण्डों में बांटा जाता है। रूस की महत्वपूर्ण आरख़ान्गेल्स्क बनादारगाह इसी सागर के किनारे है और रूस के इतिहास में यहाँ से चलने वाले व्यापार का बहुत महत्व रहा है। सोवियत संघ के ज़माने में यह उस देश के नौसैनिक जहाज़ों और पनडुब्बियों के लिए एक महत्वपूर्ण अड्डा था। श्वेत सागर एक नहर के ज़रिये बाल्टिक सागर से जुड़ा हुआ है - इस नहर को सोवियत काल में क़ैदियों द्वारा खुदवाया गया था।[4]