Loading AI tools
विकिपीडिया से, मुक्त विश्वकोश
रुब अल-ख़ाली (अरबी: الربع الخالي, अंग्रेज़ी: Rub' al-Khali), जिसका मतलब 'ख़ाली क्षेत्र' होता है, दुनिया का सबसे बड़ा रेत का रेगिस्तान है (अधिकतर रेगिस्तानों में रेत, पत्थरों और पहाड़ों का मिश्रण होता है)। अरबी प्रायद्वीप का दक्षिणी एक-तिहाई इलाक़ा इसमें आता है, जिसमें सउदी अरब का अधिकार क्षेत्रफल तथा ओमान, संयुक्त अरब अमीरात व यमन के कुछ भाग शामिल हैं। इसका क्षेत्रफल लगभग ६,५०,००० वर्ग किमी है, यानि राजस्थान और मध्य प्रदेश राज्यों को मिलाकर जितना बनता है।[1]
यह रेगिस्तान १,००० किमी लम्बा और ५०० किमी चौड़ा है। इसकी ऊँचाई ८०० मीटर (२,६०० फ़ुट) से ० मीटर (यानि समुद्रतल की ऊँचाई) के बीच रहती है। पूरे क्षेत्र पर रेत के टीले और हरसौंठ (जिप्सम) और छोटे कंकरों के मैदान हैं। रेगिस्तान के पूर्वी छोर पर अम्म अस-समीम जैसे इलाक़ों में कुछ सूखे नमक के मैदान हैं। यहाँ की रेत में फ़ेल्डस्पार मिश्रित है जिस से उसका रंग लाल लगता है।[2] यह क्षेत्र 'अति-शुष्क' (hyper-arid) कहलाता है और वर्षभर में यहाँ ३ सेंटीमीटर से कम औसत बारिश पड़ती है। दिन का औसत तापमान ४७ °सेंटीग्रेड होता है, लेकिन कभी-कभी ५६ °सेंटीग्रेड तक पहुँच जाता है।[3]
रुब अल-ख़ाली के बीच कुछ उठे हुए और सख़्त कैल्शियम कार्बोनेट, हरसौंठ और चिकनी मिटटी के क्षेत्र हैं जिनपर कभी झीलें हुआ करती थी और अब सिर्फ़ उनके सूखे फ़र्श रह गए हैं। इन फ़र्शों का अध्ययन करके ज्ञात हुआ है कि यह ९६०० ईसापूर्व से ५८०० ईसापूर्व काल में पानी से भरी थी। और अध्ययन से पता लगा है कि यहाँ झीलें दो युगों में बनी हैं: पहले ३७,००० से १७,००० वर्ष पूर्व और फिर १०,००० से ५,००० वर्ष पूर्व। यहाँ पानी क्यों आया, इस बात को लेकर वैज्ञानिकों में विवाद है। एक धारणा है कि उस काल में आमतौर से भारतीय उपमहाद्वीप पर आने वाला दक्षिणपश्चिमी मानसून हटकर कभी-कभार यहाँ बरसने लगा था।[4] यहाँ अधिकतर स्थानों पर तो इन झीलों के केवल कुछ ही वर्षों तक अस्तित्व में थीं लेकिन रुब अल-ख़ाली के दक्षिणपश्चिमी मुनदाफ़ेन क्षेत्र में तुवइक़ पहाड़ियों के घाट के बहने वाले पानी के कारण कुछ झीलें शायद ८०० साल तक बनी हुई थीं।[5]
इन झीलों के सहारे यहाँ कभी तरह-तरह के जीव रहते थे। क्षेत्र में दरियाई घोड़े, भैंसे और लम्बी-सींगों वाली गाय के जीवाश्म (फ़ासिल), पानी में रहने वाले जल घोंघा जैसे सरल जीवों के चिह्न और काई और अन्य पौधों के उगने के निशान मिले हैं। यहाँ ३०००-२००० साल पूर्व मानवों के होने के भी कुछ चिह्न हैं (जैसे कि पत्थरों के औज़ार) लेकिन मानवों के शरीर अवशेष बिलकुल नहीं मिले हैं।[5]
रुब अल-ख़ाली में बिच्छु और चूहे जैसे जानवर रहते हैं। यहाँ पौधों की भी कम विविधता है और पूरे इलाके में केवल ३७ जातियाँ ज्ञात हैं।[6]
माना जाता है कि यह रेगिस्तान आज से २० लाख साल पहले बनना शुरू हुआ था। सउदी अरब की लोक मान्यता में रुब अल-ख़ाली में एक 'इरम' (Iram, إرَم) नामक एक शहर था जो खो चुका है। अंतरिक्ष से इस क्षेत्र को जाँच रहे उपग्रहों ने यहाँ ऊँटों के पैरों से बने रस्ते देखें हैं जो ऐतिहासिक मार्गों का चिह्न हो सकते हैं। इक्के-दुक्के स्थानों पर अब भी कुछ क़बीले रहते हैं।[7][8]
Seamless Wikipedia browsing. On steroids.
Every time you click a link to Wikipedia, Wiktionary or Wikiquote in your browser's search results, it will show the modern Wikiwand interface.
Wikiwand extension is a five stars, simple, with minimum permission required to keep your browsing private, safe and transparent.