थॉर: रैग्नारॉक
2017 की मार्वल द्वारा निर्मित सुपरहीरो फिल्म / From Wikipedia, the free encyclopedia
थॉर: रैग्नारॉक २०१७ की एक अमेरिकी सुपरहीरो फिल्म है, जो मार्वल कॉमिक्स के चरित्र थॉर पर आधारित है। इस फिल्म का निर्माण मार्वल स्टूडियो ने किया, और वॉल्ट डिज़्नी स्टूडियो मोशन पिक्चर्स द्वारा यह फिल्म वितरित की गई। यह फिल्म २०११ की थॉर, और २०१३ की थॉर: द डार्क वर्ल्ड की अगली कड़ी है, और मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स (एमसीयू) में सत्रहवीं फिल्म है। एरिक पियरसन, क्रेग काइल और क्रिस्टोफर योस्ट की टीम द्वारा लिखी गई यह फिल्म टाइका वाइटीटी द्वारा निर्देशित की गई है, और क्रिस हैमस्वर्थ, टॉम हिडलस्टन, केट ब्लैंचट, इड्रिस एल्बा, जेफ गोल्डब्लम, टेस्सा थॉम्पसन, कार्ल अर्बन, मार्क रफ़्लो, और एंथनी हॉपकिंस ने फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। थॉर: रैग्नारॉक में थॉर सकार ग्रह से बच निकलने का हरसम्भव प्रयास करता है, ताकि वह हेला तथा रैग्नारॉक (दुनिया के अंत) से एस्गार्ड की रक्षा कर सके।
थॉर: रैग्नारॉक | |
---|---|
![]() फिल्म का रिलीज़ पोस्टर | |
निर्देशक | टाइका वाइटीटी |
लेखक |
|
निर्माता | केविन फाइगी |
अभिनेता |
|
छायाकार | जेवियर ऐगिर्रेसेरोबी |
संपादक |
|
संगीतकार | मार्क मदर्सबॉघ |
निर्माण कंपनी |
मार्वल स्टूडियो |
वितरक | वॉल्ट डिज़्नी स्टूडियो मोशन पिक्चर्स |
प्रदर्शन तिथियाँ |
१० अक्टूबर २०१७ (एल कैपिटान थिएटर) ३ नवंबर २०१७ (संयुक्त राज्य) |
लम्बाई |
१३० मिनट[1] |
देश | संयुक्त राज्य अमेरिका |
भाषा | अंग्रेजी |
लागत | १८० मिलियन डॉलर[2] |
कुल कारोबार | ८५४ मिलियन डॉलर[2] |
जनवरी २०१४ थॉर शृंखला की तीसरी फिल्म की पुष्टि हुई थी, और उसी वर्ष काइल और योस्ट ने फिल्म की पटकथा पर काम शुरू कर दिया। हैम्सवर्थ और हिडलस्टन की भागीदारी की घोषणा अक्टूबर में हुई थी। डार्क वर्ल्ड के निदेशक एलन टेलर के मन करने के बाद वाईटीटी को एक साल बाद निर्देशक के रूप में फिल्म में शामिल किया गया। रफ़्लो पिछली एमसीयू फिल्मों की ही तरह हल्क की भूमिका निभाने के लिए शामिल हो गए, और फिर २००६ की कॉमिक कहानी "प्लैनेट हल्क" के तत्वों को भी रैग्नारॉक में शामिल किया गया। मई २०१६ में हेला के रूप में ब्लैंचेट समेत बाकी कलाकारों की पुष्टि हुई, और जुलाई २०१६ में पियरसन फिल्म से जुड़े। फिल्म की प्रिंसिपल फोटोग्राफी ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन और सिडनी नगरों में अक्टूबर २०१६ में खत्म हुई थी, और ऑक्सनफोर्ड के ग्राम रोड शो स्टूडियो का इसमें विशेष उपयोग रहा।
थॉर: रैग्नारॉक का प्रीमियर १० अक्टूबर २०१७ को लॉस एंजेलिस के एल कैपिटान थिएटर में हुआ था, और फिर इसे ३ नवंबर को 3डी, आईमैक्स और आईमैक्स 3डी प्रारूपों में संयुक्त राज्य अमेरिका में रिलीज़ किया गया। फिल्म को अत्यधिक सकारात्मक समीक्षा मिली; कई समीक्षकों ने इसे थॉर ट्राइलॉजी की सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित किया; और वाइटीटी के निर्देशन, कलाकारों के प्रदर्शन, एक्शन दृश्य, साउंडट्रैक और फिल्म के हास्य प्रकरणों की प्रशंसा की। इस फिल्म ने कुल ८५४ मिलियन डॉलर कमाए, जिससे यह ट्राइलॉजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली, और साथ ही २०१७ की भी नौवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई।