Loading AI tools
मिज़ोरम का जिला विकिपीडिया से, मुक्त विश्वकोश
सेरछिप ज़िला भारतीय राज्य मिज़ोरम के आठ ज़िलों में से एक ज़िला है। इस ज़िले का क्षेत्रफल १४२१.६० वर्ग किमी है। सेरछिप कस्बा इस ज़िले का प्रशासनिक मुख्यालय है। यह ज़िला १५ सितम्बर १९८८ को अइज़ोल ज़िले की पूर्व लुंगदार तथा थिंगसुलथलैयाह तहसीलों से अलग होकर बना।[1][2]
मिज़ोरम में सेरछिप ज़िले की अवस्थिति | |
राज्य |
मिज़ोरम भारत |
---|---|
मुख्यालय | सेरछिप |
क्षेत्रफल | 1,422 कि॰मी2 (549 वर्ग मील) |
जनसंख्या | 64937 (2011) |
जनघनत्व | 46/किमी2 (120/मील2) |
साक्षरता | 97.91% |
लिंगानुपात | 977 |
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र | मिज़ोरम |
विधानसभा सीटें | 3 |
आधिकारिक जालस्थल |
भारत की जनगणना २०११ के अनुसार यह भारत का सर्वाधिक साक्षर तथा मिज़ोरम का दूसरा सबसे कम जनसंख्या वाला ज़िला है।[3]
यह ज़िला उत्तर तथा उत्तर-पश्चिम में अइज़ोल ज़िले, पश्चिम तथा दक्षिण में लुंगलेई ज़िले, दक्षिण पूर्व में म्यांमार तथा पूर्व में चम्फाई ज़िले से घिरा है।[4]
इस ज़िले का अधिकांश भूभाग पहाड़ी है इसके साथ ही कहीं कहीं नदियों के तट पर जलोढ़ मृदा पायी जाती है जो कृषि कार्य के लिये उपयोग होती है।[5] सेरछिप ज़िला कलादान नदी तथा तुइकुम नदी के मध्य बसा है। तुइकुम नदी से ज़िले को पेय जल प्राप्त होता है तथा कालादान सेरछिप के चावल के कटोरा कहे जाने वाले ज़ोलपुई को सिंचाई का जल उपलब्ध कराती है।[1] मिज़ोरम का सबसे ऊँचा वनतॉंग जलप्रपात ज़िले से पाँच किमी दूर थेनज़ोल में लाऊ नदी पर स्थित है।[1][6]
इस ज़िले की समुद्र तल से औसत ऊँचाई 888 मीटर (2,913 फीट) है,[7], औसत वार्षिक दैनिक तापमान १५ °C से २७ °C के मध्य तथा वर्षा मध्यम स्तर की होती है।[4]
ज़िले का प्रशासन उपज़िलाधिकारी द्वारा किया जाता है जिसका कार्यालय सेरछिप कस्बे में है। ज़िले के तीन प्रखण्ड सेरछिप सदर, उत्तर वनलाईफाई तथा थेनज़ौल हैं।[4][8]
ज़िले में तीन विधानसभा क्षेत्र तुइकुम, हरंगतुर्जो तथा सेरछिप हैं।[4] अइज़ोल ज़िले के भी तीन गाँव दरलांग, फुलमावी तथा त्लुंगवेल तुइकुम विधानसभा क्षेत्र में आते हैं।[4]
२०११ जनगणना के अनुसार सेरछिप ज़िले की जनसंख्या ६४,९३७ है, जिसमे ३२,८५१ पुरुष तथा ३२,०८६ महिलाएँ हैं।[9] इस ज़िले की जनसंख्या लगभग मार्शल द्वीपसमूह के बराबर है।[10] इस ज़िले का जनसंख्या के अनुसार भारत के ६४० ज़िलों में ६२६वाँ स्थान है।[3] इस ज़िले की २००१-११ के मध्य दशकीय जनसंख्या वृद्धि दर २०.५६% रही।[9] ज़िले की जनसंख्या घनत्व 46 प्रत्येक वर्ग किलोमीटर में निवासी (120/वर्ग मील) है।[9] सेरछिप ज़िले की लिंगानुपात दर ९७७ महिलाएँ प्रति हजार पुरुष है तथा साक्षरता दर ९७.९१% है।[9] नगरीय जनसंख्या ४९.३१% तथा ग्रामीण जनसंख्या ५०.६९% है।[9]
यह जिला भारत के कुछ ईसाई बाहुल्य जिलों में से एक है। २०११ जनगणना के अनुसार यहाँ ९७.७०% ईसाई, १.५३% हिन्दू, ०.५२% मुस्लिम, ०.०५% अन्य, ०.०१% सिक्ख, ०.०१% बौद्ध, ०.०१% जैन धर्म के मतावलम्बी हैं। ०.०९% ने अपने धर्म का उल्लेख नहीं किया है।[9]
१९९१ में यहाँ ख्वांगलुंग वन्यजीव अभ्यारण्य की स्थापना की गयी थी, जिसका क्षेत्रफल ३५ वर्ग किमी है।[11][12]
Seamless Wikipedia browsing. On steroids.
Every time you click a link to Wikipedia, Wiktionary or Wikiquote in your browser's search results, it will show the modern Wikiwand interface.
Wikiwand extension is a five stars, simple, with minimum permission required to keep your browsing private, safe and transparent.