सचोली
समुद्री जानवर, जीवाओं का उपसंघ / From Wikipedia, the free encyclopedia
कंचुकी एक प्रकार के समुद्री जीव है, जो एकल, या समूह में, संसार के किसी भी महासागर की विभिन्न गहराइयों में पाए जाते हैं। इनके अधिकांश प्रकार स्थानबद्ध होते हैं एवं नाना प्रकार के पदार्थों के साथ जुड़े रहते हैं। इनका शरीर पारदर्शी, पारभासी या अपारदर्शी एवं कई प्रकार के रंगों का होता है। शरीर का आकार अनिश्चित एवं परिमाण एक इंच के सौवें भाग से लेकर एक फुट तक के व्यास का होता है। सारा शरीर एक पतले या मोटे चर्म सदृश आवरण में, जिसे कंचुक कहते हैं लिपटा रहता है। कंचुक अधिकांश, ट्यूनिसिन नामक स्रवित पदार्थ का बना होता है। ट्यूनिसिन सेलुलोस के अनुरूप एक पदार्थ है। कंचुक में दो छिद्र या मार्ग होते हैं। एक मार्ग से जल भीतर प्रवेश करता है तथा दूसरे से बाहर निकल जाता है। कंचुकियों में पृष्ठरज्जु केवल डिम्भ के पुच्छ में पाई जाती है।