प्रवेशद्वार:ताजमहल/Intro
From Wikipedia, the free encyclopedia
ताज महल (उच्चारण सहायता /tɑʒ mə'hɑl/) (फारसी: تاج محل, अँग्रेजी़: Taj Mahal) भारत के आगरा शहर में स्थित एक मक़बरा है। इसका निर्माण मुगल सम्राट शाहजहाँ ने, अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में करवाया था।
![Thumb image](http://upload.wikimedia.org/wikipedia/commons/thumb/1/11/Taj_Mahal_%28south_view%2C_2006%29.jpg/640px-Taj_Mahal_%28south_view%2C_2006%29.jpg)
ताज महल मुगल वास्तुकला का उत्कृष्ट नमूना है। इसकी वास्तु शैली फारसी, तुर्क, भारतीय एवं इस्लामिक वास्तुकला के घटकों का अनोखा सम्मिलन है। सन् 1983 में, ताज महल युनेस्को विश्व धरोहर स्थल बना। इसके साथ ही इसे विश्व धरोहर के सर्वत्र प्रशंसित, अत्युत्तम मानवी कृतियों में से एक बताया गया। ताजमहल को भारत की इस्लामी कला का रत्न भी घोषित किया गया है।
इसका श्वेत गुम्बद एवं टाइल आकार में संगमर्मर से ढंका[1] केन्द्रीय मकबरा अपनी वास्तु श्रेष्ठता में सौन्दर्य के संयोजन का परिचय देते हैं। ताजमहल इमारत समूह की संरचना की खास बात है, कि यह पूर्णतया सममितीय है। यह सन 1648 के लगभग पूर्ण निर्मित हुआ था। उस्ताद अहमद लाहौरी को प्रायः इसका प्रधान रूपांकनकर्ता माना जाता है।[2]
- टाइल आकार, अर्थात पूरा ढाँचा संगमर्मर की छोटी छोटी ईंट रूपी आयताकार टाइलों से ढंका है, ना कि संगमर्मर की सिल्लियों की बडी़- बडी़ पर्तो से।